जनपरिप्रेक्ष्य दर्पण
टाटाजी के सपनों का शहर… आखिर किसके भरोसे?
मूल प्रकाशन: जनपरिप्रेक्ष्य दर्पण · यहाँ पढ़ें: जनपरिप्रेक्ष्य दर्पण
जमशेदपुर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच संपादकीय सवाल उठाता है कि क्या अपराधियों में कानून का भय बचा है, और शहर को कैसी पुलिसिंग चाहिए।
जमशेदपुर टाटाजी के सपनों से बसा वह शहर, जिसकी पहचान कभी उद्योग, अनुशासन और शांति से होती थी। लेकिन आज यही शहर अपराध की लगातार सामने आ रही घटनाओं से चिंतित है। कहीं गोली चल रही है, कहीं लूट हो रही है, कहीं हत्या की खबर है तो कहीं अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। सवाल सिर्फ वारदातों का नहीं है। असली सवाल यह है कि क्या अपराधियों के मन में कानून का वह खौफ बचा है, जो किसी भी मजबूत कानून-व्यवस्था की पहली शर्त है?
करीब तीन दशक पहले जमशेदपुर भी अपराध और माफिया गतिविधियों की चुनौती से गुजर रहा था। उसी दौर में आईपीएस अधिकारी डॉ. अजय कुमार की बतौर पुलिस कप्तान जमशेदपुर में तैनाती हुई। उनकी सख्त पुलिसिंग और अपराधियों पर कार्रवाई को लेकर आज भी उस दौर की चर्चा होती है। आज परिस्थितियां बदली हैं, अपराध का स्वरूप बदला है, तकनीक बदली है—लेकिन चुनौती फिर वही है, अपराधियों में कानून का भय पैदा करना।
सवाल किसी व्यक्ति का नहीं, पुलिस नेतृत्व के उस तेवर का है, जो अपराध होने के बाद सिर्फ कार्रवाई न करे, बल्कि अपराध की योजना बनने से पहले ही उसे रोक दे। शहर को चाहिए मजबूत इंटेलिजेंस नेटवर्क, अपराधियों के आर्थिक तंत्र पर प्रहार, हथियार और नशे के नेटवर्क पर शिकंजा, त्वरित पुलिस रिस्पांस और ऐसी जवाबदेही, जिससे आम नागरिक का भरोसा पुलिस पर और अपराधी का डर कानून पर कायम रहे। क्योंकि जमशेदपुर सिर्फ एक औद्योगिक शहर नहीं, लाखों लोगों के सपनों और मेहनत की पहचान है। और इस शहर की पहचान अपराध की सुर्खियों से नहीं होनी चाहिए।
जमशेदपुर को ऐसी पुलिसिंग चाहिए, जिसमें आम आदमी बेखौफ रहे… और अपराधी कानून का नाम सुनकर रास्ता बदलने पर मजबूर हो जाए। सवाल सीधा है—क्या अब वक्त आ गया है कि जमशेदपुर में फिर पुलिसिंग का वही सख्त तेवर दिखाई दे?
